संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला के रोवर्स और रेंजर्स ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। कॉलेज के छह रोवर्स और पांच रेंजर्स ने नौ से 13 जनवरी 2025 तक छत्तीसगढ़ के बालोद जिले (ग्राम दुधली) में आयोजित राष्ट्रीय जंबूरी में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर कॉलेज और प्रदेश का नाम रोशन किया। यह दल रोवर लीडर डॉ. अजय कुमार और रेंजर लीडर डॉ. हर्ष दीपिका के कुशल मार्गदर्शन में छह दिवसीय गौरवशाली आयोजन का हिस्सा बना। जंबूरी में भारत के सभी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों, रेलवे और केंद्रीय विद्यालय संगठन के लगभग 30,000 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। हिमाचल प्रदेश की ओर से कुल 240 रोवर्स-रेंजर्स और लीडर्स के दल ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उद्घाटन समारोह में छत्तीसगढ़ के माननीय राज्यपाल और समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर युवाओं का मार्गदर्शन किया। रोवर्स में शिवांश अवस्थी, ऋत्विक आचार्य, सूजल कुमार, अपूर्व कक्कड़, साहिल, रोहित कपूर जबकि रेंजर्स में अंशिका, अंजना, अनन्या, श्रुति और ईशा ने विभिन्न गतिविधियों में प्रदर्शन किया। शिविर में स्वयंसेवकों ने ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के तहत सांस्कृतिक आदान-प्रदान, ट्राइबल कार्निवल, एथनिक फैशन शो और युवा संसद जैसी गतिविधियों में भाग लिया। प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने दल की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए सभी प्रतिभागियों को बधाई दी।