मंडी के दो चरस तस्करी के आरोपी गिरफ्तार
कांगड़ा निवासी खरीदार को भी दबोचा
प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
धर्मशाला। पुलिस थाना कांगड़ा की टीम ने कछियारी क्षेत्र में मंडी से चरस लेकर पहुंचे दो आरोपियों समेत कांगड़ा में इसके खरीदार को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक कार में सवार दो लोगों से 852 ग्राम चरस बरामद की थी। आरोपियों से पूछताछ करने के बाद उनसे चरस खरीदने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी कांगड़ा कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक पुलिस थाना कांगड़ा की टीम को मंगलवार रात को सूचना मिली थी कि कछियारी (कांगड़ा) क्षेत्र में एक कार खड़ी है। इसमें चरस मौजूद है और उसमें सवार दो लोग इसे बेचने की फिराक में हैं। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने कार सवार दो युवकों राम लाल निवासी झटींगीरी और संजय कुमार निवासी मारखान, तहसील पधर, जिला मंडी को धर दबोचा। मौके पर आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्होंने इसे गगल पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सहौड़ा के शमशेर सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। संवाद