टांडा (कांगड़ा)। अटल सुपर स्पेशिएलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान चमियाणा में रोबेटिक सर्जरी की फीस बढ़ाने के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज में फीस बढ़ने की लोगों के बीच चर्चा चल रही थीं। हालांकि टांडा मेडिकल कॉलेज के प्रशासन ने साफ किया है कि फिलहाल रोबोटिक सर्जरी के दामों में किसी प्रकार की बढ़ोतरी नहीं होगी।
चमियाणा अस्पताल में रोबोटिक सर्जरी की फीस 30 हजार रुपये से बढ़ाकर 50 हजार कर दी है। वहीं, जनरल वार्ड के लिए 50 हजार और प्राइवेट वार्ड के लिए 80 हजार रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। इससे कांगड़ा के सबसे बड़े अस्पताल में भी अटकलों ने जोर पकड़ लिया था। इस संबंध में टांडा मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल मिलाप शर्मा ने कहा कि फिलहाल रोबोटिक सर्जरी की वृद्धि नहीं है, हालांकि भविष्य में वृद्धि की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता। रोबोटिक सर्जरी से मरीजों को कम दर्द और जल्दी रिकवरी का फायदा मिलता है, लेकिन बढ़ती लागत ने इसे अभिजात्य सुविधा बना दिया है।