नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। राजकीय महाविद्यालय नगरोटा बगवां के बीसीए विभाग की ओर से गणेश चतुर्थी के उपलक्ष्य में पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रो. आयशा कपूर के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने ''कृत्रिम बुद्धिमत्ता में ओम गणेशाय नमः की महत्ता'' विषय पर आकर्षक पोस्टर बनाकर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र कुमार सोनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़कर विद्यार्थियों को संबोधित किया और भारतीय संस्कृति के साथ डिजिटल युग के समन्वय के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रितिका ने प्रथम, आंचल ने द्वितीय तथा अंशिका और समीक्षा ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया।
इस अवसर पर प्रो. राहुल कुमार, प्रो. कविता, प्रो. पंकज, जोगिंद्र सिंह व विपिन कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर समन्वयक डॉ. मनीष शर्मा ने सभी प्रतिभागियों और स्टाफ को बधाई दी। संवाद