परिवहन कर्मचारी कल्याण संगठन की बैठक में उपस्थित सेवानिवृत कर्मचारी।
बैजनाथ (कांगड़ा)। हिमाचल परिवहन निगम कर्मचारी कल्याण संगठन की मासिक बैठक संगठन के अध्यक्ष राम प्रसाद शर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में संगठन की मांगों का अब तक कोई भी समाधान न होने पर सरकार और प्रबंधन के प्रति रोष प्रकट किया गया। राम प्रसाद ने कहा कि सरकार और प्रबंधन से पेंशन का स्थायी समाधान करने, पेंशन महीने की पहली तिथि को देने, उच्च न्यायालय के आदेशों के तहत 5, 10,15 प्रतिशत का लाभ देने, सरकारी पेंशनों के अनुरूप 50 हजार की दो किस्तों का भुगतान करने, चिकित्सा बिलों का भुगतान करने, 8 जून, 2022 को पूर्व सरकार द्वारा छोटा शिमला में दर्ज एफआईआर को निरस्त करने और पेंशनर्स के साथ भेदभाव न करने का आग्रह किया है। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि आग्रह के बावजूद सरकार ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मिलने का मौका नहीं दिया और न ही सरकार और प्रबंधन ने मांगों के हाल के लिए कोई उचित कदम उठाया है।
उन्होंने कहा कि बुढ़ापे की दहलीज पर खड़े सेवानिवृत्त कर्मचारी सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर हैं। सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह से आस थी कि वह कर्मचारियों की मांगों का हल अवश्य करेंगे, क्योंकि विपक्ष में रहते हुए उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों की मांगों को प्राथमिकता से उठाया था। इस मौके पर रतनलाल चौधरी, विजय कुमार, प्रताप राणा, अश्वनी, रमेश कुमार, ओम प्रकाश, सुशील कुमार, सतीश सूद, सुरेश अवरोल, राम नाथ, प्रकाश चंद, शशि कांत, हेम राज और उत्तम चंद आदि उपस्थित रहे।