नूरपुर (कांगड़ा)। न्यू पेंशन स्कीम (एनपीएस) कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष डॉ. संजीव गुलेरिया ने 10 वर्ष से कम सेवाकाल वाले सेवानिवृत्त दैनिक वेतनभोगी व अंशकालीन कर्मचारियों को सम्मानजनक पेंशन देने और ग्रेच्युटी लाभ बहाल करने की मांग की है।
शुक्रवार को जारी एक प्रेस वक्तव्य में उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों ने सरकारी खजाना बचाने के लिए कम वेतन पर नियमित स्टाफ से भी अधिक शारीरिक श्रम किया, लेकिन कई कर्मचारी नियमित हुए बिना ही सेवानिवृत्त हो गए। आज बुढ़ापे में जब उन्हें सहारे की जरूरत है, तब सरकार द्वारा ग्रेच्युटी रोकने के लिए कोर्ट का रुख करना और एकल न्यायाधीश के फैसले पर रोक लग जाना बुजुर्गों के घावों पर नमक छिड़कने जैसा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू इस संवेदनशील मामले पर त्वरित व सहानुभूतिपूर्वक निर्णय लेकर इतिहास रचेंगे।