धर्मशाला। साइबर ठगों ने बिजली बिल अपडेट करने के नाम पर एक सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारी को ठगी का शिकार बनाकर उनके खाते से करीब 8.17 लाख रुपये उड़ा लिए हैं। मामले में पुलिस थाना पंचरुखी में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस को दी शिकायत में 80 वर्षीय बुजुर्ग ने बताया कि वह पंजाब नेशनल बैंक से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने बताया कि 16 फरवरी 2026 की शाम करीब 6 बजे उनके पास दिल्ली बिजली कार्यालय के नाम से फोन आया। कॉल करने वाले ने कहा कि उनका बिजली बिल अपडेट नहीं हो रहा है और फोन में कुछ प्रक्रिया करने को कहा।
शिकायतकर्ता के अनुसार उन्हें मोबाइल संबंधी अधिक जानकारी नहीं थी, इसलिए उन्होंने फोन अपने भतीजे को दे दिया। इसी दौरान ठगों ने किसी लिंक अथवा अन्य माध्यम से बैंक खाते की जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद 16 और 17 फरवरी 2026 को उनके पंजाब नेशनल बैंक, संसद मार्ग, दिल्ली स्थित खाते से 4,12,676 और 4,04,995 रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित ने कुल 8,17,672 रुपये की ठगी की जानकारी दी है।
पीड़ित ने पुलिस से रकम वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।