डरोह (कांगड़ा)। भवारना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इन दिनों स्वास्थ्य सेवाएं दम तोड़ती हुई नजर आ रही हैं। मरीजों को जहां डाॅक्टरों की कमी खल रही है। वहीं, केंद्र में क्रस्ना लैब में लिखे गए टेस्टों की रिपोर्ट भी 10 दिन तक भी नहीं मिल रहीं हैं। बीते शनिवार को एक बेहद संवेदनशील बीमारी से ग्रस्त मरीज ने अपना यूरिन का रूटीन और कल्चर टेस्ट करने के लिए लैब में सैंपल जमा करवाया था। उसे रूटीन की रिपोर्ट उसी दिन सायंकाल मिल गई थी, लेकिन कल्चर की रिपोर्ट 10 दिन बाद भी नहीं मिली।
पीड़ित ने कहा कि वह ब्लड कैंसर से पीड़ित हैं, लेकिन 10 के बाद उसे दोबारा सैंपल देने को कहा जा रहा है। उन्होंने सीएम और स्वास्थ्य मंत्री से इस मामले की जांच के लिए गुहार लगाई है। क्रस्ना लैब कांगड़ा के ऑपरेशन हेड ने कहा कि उनका सैंपल प्रयोग के योग्य नहीं बचा था, इसलिए अब मरीज का सैंपल दोबारा देने को कहा गया। अगर मरीज सैंपल दे देगा तो उन्हें 48 घंटे के अंदर रिपोर्ट दे दी जाएगी। खंड चिकित्सा अधिकारी भवारना डाॅ. नवीन राण ने कहा कि क्रस्ना लैब पर हमारा सीधा कोई नियंत्रण नहीं है। ऐसे में इनकी काम करने की कार्यप्रणाली को भी इन्हीं के अधिकारी देखते हैं।