खैरा (कांगड़ा)। छैंछड़ी, लाहट और खैरा वासियों के लिए राहत की खबर है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरा के अंतर्गत गत दिनों अन्य राज्यों से लौटे और लाहट व कुठेड़ा में कोरोना संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में आए 31 लोगों के सैंपल लिए गए थे, उनकी रिपोर्ट निगेटिव आने पर इलाकावासियों ने राहत की सांस ली है।
गौरतलब है कि पहली जुलाई को कुठेड़ा की और छह जुलाई को लाहट की महिला की कोरोना रिपॉर्ट पॉजिटिव आने से संबंधित गांवों के लोग चिंता में थे कि कहीं कोई अन्य लोग इसकी चपेट में न आए हों। सीएचसी खैरा के प्रभारी डॉ. जनक राणा ने बताया कि जिन 31 लोगों के नमूने सात जुलाई को लिए गए थे, जिसमें कोरोना संक्रमित दो महिलाओं के संपर्क में आने वाले लोग व रिश्तेदार भी शामिल थे, सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।