शहीद स्मारक धर्मशाला में ब्रिगेडियर जीएस पुरी ने दी श्रद्धांजलि
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। जिला मुख्यालय धर्मशाला स्थित राज्य शहीद स्मारक में शुक्रवार को कारगिल विजय दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्टेशन कमांडर योल नौंवी कोर के ब्रिगेडियर जीएस पुरी मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने कारगिल युद्ध के वीर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर जिला प्रशासन, सेना के अधिकारियों, पूर्व सैनिकों और विभिन्न संस्थाओं ने भी पुष्प अर्पित किए। ब्रिगेडियर जीएस पुरी ने बताया कि जवानों के शौर्य को याद करते हुए विजय दिवस पर शहादत पाने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। गौरतलब है कि 25 मई 1999 को शुरू हुए कारगिल युद्ध में देशभर के कुल 527 योद्धाओं ने बलिदान दिया था, जिसमें 52 वीर भूमि हिमाचल के थे। कारगिल विजय दिवस पर देशभर में सेना के सर्वोच्च सम्मान में कुल चार परमवीर चक्र घोषित किए गए। इनमें दो हिमाचल के वीरों के नाम हैं। इनमें कैप्टन विक्रम बत्तरा को मरणोपंरात जबकि सूबेदार संजय कुमार जीवित को परमवीर चक्र से नवाजा गया। कारगिल युद्ध में कांगड़ा जिले के सबसे अधिक 15 जवान बलिदान हुए थे। मंडी जिले से 11, हमीरपुर के 7, बिलासपुर के 7, शिमला से 4, ऊना से 2, सोलन और सिरमौर से 2-2 जबकि चंबा और कुल्लू जिले से 1-1 जवान शहीद हुआ था।
प्रदेश सैनिक लीग के महासचिव सेवानिवृत्त कर्नल आरपी गुलेरिया ने कहा कि उन्हें 1999 का करगिल युद्ध आज भी याद है जब देश के जवानों ने अपने प्राणों की आहुतियां देकर टाइगर हिल पर तिरंगा फहराया था। कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय सेना ने आपरेशन विजय शुरू किया, जिसमें 30 हजार भारतीय सैनिक शामिल हुए थे। कारगिल युद्ध दो माह से ज्यादा चला था।