हमीरपुर। जिले में दो दिन से हो रही बारिश ने किसानों और बागवानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। बारिश के साथ ओलावृष्टि से गेहूं की फसल खेतों में बिछ गई है। वहीं, आम-लीची सहित अन्य फलदार पौधों के फूल भी झड़ गए हैं।
इस प्रकार करीब चार हेक्टेयर क्षेत्र में फलदार पौधे प्रभावित हुए हैं। इस समय फ्लावरिंग का समय है, लेकिन फलदार पौधों के फूल झड़ने से आने वाले समय में फल उत्पादन पर असर पड़ सकता है।
वहीं, बारिश से गेहूं की फसल पर इसका सीधा असर पड़ने की संभावना है। इस समय गेहूं की फसल पकने की अवस्था में है। ऐसे में तेज बारिश और हवा ने फसल को बिछा दिया है, जिससे अब उत्पादन में भारी कमी आ सकती है।
इसके अलावा कई क्षेत्रों में खेतों में पानी भर गया है, जिससे फसल सड़ने का खतरा भी बढ़ गया है। जिले में 28 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की बिजाई हुई। पहले बारिश नहीं होने से गेहूं की फसल करीब दस फीसदी प्रभावित हुई थी। अब बारिश ज्यादा होने से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें बन गई हैं।
बॉक्स
दो घंटे तक बिजली आपूर्ति रही बाधित
रात भर हुई बारिश से जिले में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। बिजली उपमंडल बड़सर में रात को करीब 32 ट्रांसफार्मर और बिजली उपमंडल हमीरपुर में करीब 18 ट्रांसफार्मर बंद हो गए। हालांकि सुबह से बिजली कर्मियों ने बिजली आपूर्ति बहाल करना शुरू कर दिया। वहीं, कई जगह पर बिजली की तार पर पेड़ की टहनियां गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई। बिजली बोर्ड अब बारिश से हुए नुकसान का डाटा तैयार कर रहा है।
कोट
बारिश से हुए गेहूं के नुकसान की रिपोर्ट फील्ड से मंगवाई जा रही है। जैसे ही रिपोर्ट आएगी, उसके बाद नुकसान का आकलन किया जा सकता है।
-डीडी शर्मा, उपनिदेशक, कृषि विभाग हमीरपुर
ओलावृष्टि से फलदार पौधों काे नुकसान हुआ है। नुकसान की कुछ रिपोर्ट प्राप्त हुई है। करीब पौने चार लाख का नुकसान हुआ है।
-राजेश्वर परमार, उपनिदेशक, बागवानी विभाग हमीरपुर
बुधवार सुबह 50 ट्रासंफार्मर प्रभावित हुए थे। हालांकि बाद में इनसे बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
-आशीष कपूर, एसई, बिजली बोर्ड हमीरपुर
ट्रांसफार्मर में खराबी से डेढ़ घंटे आपूर्ति रही बाधित
हमीरपुर। बारिश के दौरान हमीरपुर शहर में एक ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई, जिससे आसपास के इलाकों में करीब डेढ़ घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली गुल होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। खासकर दुकानदारों और घरेलू उपभोक्ताओं को दिक्कतें आईं। बिजली बोर्ड की टीम ने मौके पर पहुंचकर फॉल्ट को ढूंढा और आपूर्ति बहाल की। बिजली बोर्ड हमीरपुर के एसडीओ सौरभ राय ने बताया कि कुछ समय के लिए तकनीकी खराब हुई थी। बाद में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। संवाद
लगदेवी में बारिश के बाद खेतों में गिरी गेहूं की फसल। संवाद
लगदेवी में बारिश के बाद खेतों में गिरी गेहूं की फसल। संवाद