ज्वालामुखी बस अड्डे पर बसों का निरीक्षण करते आरटीओ कांगड़ा प्रदीप कुमार।
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। आरटीओ कांगड़ा प्रदीप कुमार ने सोमवार को ज्वालामुखी बस अड्डे पर दोपहर बाद औचक निरीक्षण किया और सभी बस ऑपरेटर से बसों के कागजात चेक किए। पंजाब रोडवेज की एक बस का शीशा टूटा होने की वजह से और एक निजी बस के ड्राइवर के वर्दी में न होने की वजह से उनके चालान किए और बाकी सभी ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर को तीन दिन का समय दिया है कि यदि किसी के कागजात पूरे नहीं है तो वह उनको बनवा लें, उसके बाद किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
आरटीओ कांगड़ा के ध्यान में कुछ शिकायतें आई हैं कि इस क्षेत्र में कुछ बस ऑपरेटर बिना रूट के बस चला रहे हैं तो कुछ के पास कागजात पूरे नहीं हैं। जिस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए आरटीओ ने सोमवार को ज्वालामुखी बस अड्डे में औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बस अड्डे में सफाई का भी जायजा लिया और यहां पर उपस्थित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। उन्होंने कहा है कि किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।