कांगड़ा की घुरकड़ी पंचायत में छह लाख रुपये की लागत से सार्वजनिक पुस्तकालय का उद्घाटन हुआ। इस पुस्तकालय से स्थानीय युवाओं को शिक्षा और परीक्षा तैयारी में सहायता मिल रही है। पंचायत की यह पहल अन्य पंचायतों के लिए प्रेरणादायक मानी जा रही है।
कांगड़ा। घुरकड़ी पंचायत निरंतर ऐसे कार्य कर रही है, जो अन्य पंचायतों के लिए प्रेरणास्रोत बने हैं। यह बात शुक्रवार को एसडीएम कांगड़ा इशांत जसवाल ने पंचायत भवन में सार्वजनिक पुस्तकालय का उद्घाटन करते हुए कही। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी पारूल कटियार और ब्लॉक समिति अध्यक्ष बबीता संधू भी उपस्थित रहीं।
विज्ञापन
एसडीएम जसवाल और खंड विकास अधिकारी ने रिबन काटकर पुस्तकालय का शुभारंभ किया। एसडीएम ने कहा कि घुरकड़ी पंचायत ने मटौर ब्रिज का सौंदर्यीकरण किया, आसपास की सड़क का कायाकल्प किया और विज्ञापन होर्डिंग के माध्यम से आय अर्जित की। स्वच्छता में अग्रणी रही इस पंचायत ने अब अपने परिसर में पुस्तकालय का निर्माण कर युवाओं को उज्जवल भविष्य देने का कार्य किया है।
बीडीओ पारूल कटियार ने कहा कि युवाओं की परीक्षा तैयारी और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अधिक से अधिक पुस्तकालय खोले जाने की आवश्यकता है। पंचायत प्रधान अनिल दामीर ने बताया कि इस पुस्तकालय का निर्माण 6 लाख रुपए की लागत से किया गया, जिसमें लगभग 3 लाख रुपये पंचायत की निजी कमाई से खर्च किए गए। अब यहां 40 बच्चे अध्ययन के लिए आ रहे हैं।