सड़कों पर चलने लायक नहीं रहीं परिवहन निगम की नीले रंग की बसें : कपूर
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। हिमाचल पथ परिवहन निगम ने लंबे समय से खड़ी जेएनयूआरएम बसों की नीलामी/ स्क्रैप के लिए सरकार को प्रस्ताव भेज दिया है। निगम की कई नीले रंग की बसें अब सड़कों पर चलने लायक नहीं हैं और डिपो में खड़ी-खड़ी खराब हो रही हैं।
क्षेत्रीय प्रबंधक धर्मशाला साहिल कपूर ने बताया कि निगम की करीब दो से तीन बसें लंबे समय से डिपो में खड़ी हैं। इन बसों की हालत खराब हो चुकी है। इस कारण इन्हें सड़कों पर उतारना संभव नहीं है। मौजूदा समय में धर्मशाला से पठानकोट रूट पर ही ये बसें चलती हैं, बाकी रूटों पर इन बसों की आवाजाही नहीं है।
रखरखाव और मरम्मत पर अधिक खर्च आने के कारण निगम ने इन्हें नीलाम करने का फैसला लिया है। परिवहन निगम के अधिकारियों का कहना है कि बसों की नीलामी के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है।
सरकार से मंजूरी मिलने के बाद इन बसों की नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। नीलामी से निगम को कुछ राजस्व भी प्राप्त होगा और डिपो में खड़ी अनुपयोगी बसों से भी छुटकारा मिल जाएगा। वहीं, निगम की पुरानी बसों के कवाड़ बनने से बेड़े में बसों की संख्या भी प्रभावित हो रही है। ऐसे में भविष्य में नई बसों को शामिल करने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके।