धर्मशाला। नगर निगम धर्मशाला और पालमपुर के चुनाव के लिए भाजपा ने संकल्प पत्र जारी कर दिए हैं। धर्मशाला में भाजपा ने सरकारी भूमि पर बने घरों को नियमित करने जबकि पालमपुर शहर से कूड़ा संयंत्र हटाने का संकल्प लिया है।
धर्मशाला के लिए जारी 31 सूत्रीय संकल्प पत्र में भाजपा ने स्मार्ट सिटी परियोजना के कई अधूरे कार्यों को पूरा करने का संकल्प लिया है। आशियाना स्कीम के तहत सरकारी भूमि पर बने मकानों को रेगुलर करने की बात को प्रमखुता दी है। इसके अलावा शहर में स्मार्ट पार्किंग, कचहरी अड्डा और कोतवाली बाजार के पुनर्विकास, ई-टैक्सी सेवा, साइकिलिंग ट्रैक, जॉगिंग ट्रैक, वेंडिंग जोन, फुटबाल अकादमी, नालों का तटीकरण और चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण जैसे कार्यों को प्राथमिकता में रखा है।
भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला में पर्यावरण अनुकूल विश्व स्तरीय पर्यटन सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा 22 स्थानों पर स्मार्ट पार्किंग, अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण पूरा कर कोतवाली बाजार से सीधी कनेक्टिविटी, 24×7 पेयजल आपूर्ति और जल संरक्षण के लिए खड्डों में छोटे बांध बनाए जाएंगे। धर्मशाला को नशा मुक्त बनाने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
स्मार्ट सिटी परियोजनाओं में धन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में आने पर सभी कार्यों की जांच करवाएगी। इस मौके पर चुनाव प्रभारी एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पवन काजल, जिला अध्यक्ष सचिन शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।
धर्मशाला के लिए खास...
- चरान खड्ड से भागसूनाग तक फनिक्युलर ट्रैफिक प्रोजेक्ट
- महिलाओं के लिए एमसी कोऑपरेटिव ग्रिड और युवाओं के लिए मल्टी स्पोर्ट्स जोन
- फुटबाल अकादमी व स्टार्टअप इनक्यूबेशन सेंटर स्थापित करना
- कैंची मोड़ पर व्यूइंग डेक, सरकारी दफ्तरों का डीकंजेशन
- वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘डॉक्टर ऑन कॉल’ एप
- नगर निगम की सभी सेवाएं ऑनलाइन करना
- छूटे क्षेत्रों को सीवरेज प्रणाली से जोड़ना
- अंडरग्राउंड केबलिंग और बिजली नेटवर्क अपग्रेड करना
- रास्तों में इंटरलॉक टाइलों के स्थान पर नेचुरल पेवर स्टोन का इस्तेमाल
पालमपुर में बलिदान का सम्मान, पर्यटन को अधिमान
पालमपुर (कांगड़ा)। भाजपा ने नगर निगम पालमपुर के लिए जारी 20 सूत्री संकल्प पत्र में शहर के प्रवेश द्वारों को बलिदानियों के नाम देने की बात कही है। इनमें कारगिल युद्ध के प्रथम बलिदानी सौरभ कालिया, परमवीर चक्र विजेता मेजर सोमनाथ शर्मा, कैप्टन विक्रम बतरा, मेजर सुधीर वालिया सहित अन्य बलिदानियों के शहीद स्मारक बनाने का उल्लेख है।
माता हिमानी चामुंडा, चामुंडेश्वरी माता मंदिर, काली माता मंदिर, विंध्यवासिनी मंदिर, शोभा सिंह आर्ट गैलरी, कृषि विवि तथा सीएसआईआर जैसे संस्थानों और स्थलों को जोड़ते हुए धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन विकास को दिशा देने का भी संकल्प जताया है। संकल्प पत्र में व्यवस्थित यातायात करने के लिए केंद्र सरकार के सहयोग से अंडरपास, मारंडा में रेल लाइन पर ओवरहेड ब्रिज बनाने के लिए प्रयास करने की बात कही है।
पालमपुर में आदर्श गो सदन स्थापित करने, भूमिहीन और आवासहीन परिवारों के लिए पीएम शहरी आवास योजना के तहत मकान मुहैया करवाने का भी संकल्प पत्र में जिक्र है। हर वार्ड में बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए पार्क विकसित करने की योजना को भी अपने संकल्प पत्र में शामिल किया है। साथ ही कूड़ा संयंत्र को लेकर जनता में व्याप्त नाराजगी को भांपते हुए इसे दूसरे स्थान पर शिफ्ट करने का भी शहरवासियों को भरोसा दिलाया है। इस अवसर पर सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, भाजपा प्रवक्ता त्रिलोक कपूर, विनय शर्मा, वरिष्ठ नेता रविंद्र रवि, प्रवीण शर्मा, राजेश ठाकुर और रागिनी सहित अनेक भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संकल्प पत्र में ये भी...
- सिंगल विंडो सिस्टम लागू करना
- शिमला की तर्ज पर नक्शा पास और बहुमंजिला भवन निर्माण की सरल प्रक्रिया
- हर वार्ड में आधुनिक पार्किंग व्यवस्था और रेन शैल्टर का निर्माण
- मास्टर सोलर प्लांट बनाकर स्थायी स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था
- बिंद्रावन पुलिस चौकी को दोबारा खोलना
- होटल संचालकों और टैक्सी आप्रेटरों के साथ मिलकर पर्यटन सर्किट बनाना
- शहर में फैले बिजली और संचार तारों का जाल व्यवस्थित करना