अदालत ने 25 मई तक न्यायिक हिरासत में भेजा आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
इंदौरा/डमटाल (कांगड़ा)। एनडीपीएस मामले में उद्घोषित अपराधी को पुलिस ने पंजाब के जीरकपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से न्यायालय में पेश नहीं हो रहा था, जिस पर उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। गिरफ्तार आरोपी मनीष कुमार निवासी कोटला मंगलवा तहसील इंदौरा को न्यायालय ने 25 मई तक न्यायिक हिरासत में भेजा है।
जानकारी के अनुसार मनीष कुमार को डमटाल पुलिस ने 19 दिसंबर 2019 को करीब 4 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस की ओर से मामले में जांच के बाद चालान न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी इंदौरा की अदालत में पेश किया था। आरोपी की ओर से लंबे समय से अदालत में पेश न होने के कारण दिसंबर 2024 में न्यायालय ने उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। इसके बाद आरोपी की धरपकड़ को लेकर पुलिस की ओर से कार्रवाई की जा रही थी।
आरोपी को पुलिस जिला नूरपुर की टीम ने जीरकपुर से गिरफ्तार कर डमटाल पुलिस थाना लाया गया। इसके बाद आरोपी को वीरवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि गिरफ्तारी की सूचना आरोपी के परिजनों को दे दी गई है। आरोपी को न्यायालय ने 25 मई तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।