जयसिंहपुर (कांगड़ा)। आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने कहा कि सहकारी क्षेत्र की समस्याओं को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा, ताकि सहकारी सभाओं का समुचित कल्याण सुनिश्चित हो सके। वे 72वें अखिल भारतीय सहकारी सप्ताह के अवसर पर लोअर खैरा में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
मंत्री ने कहा कि सहकारी सभाओं से जिला के लाखों लोग प्रत्यक्ष व परोक्ष रूप से जुड़े हुए हैं। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में ये सभाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करती हैं, इसलिए इनके समक्ष आने वाली समस्याओं का समाधान आवश्यक है। कार्यक्रम में लोअर खैरा में सहकारी सप्ताह के आयोजन पर मंत्री ने उपस्थित लोगों को बधाई दी।
उन्होंने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले सरकारी प्राथमिक एवं उच्च विद्यालय के विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। इसके अलावा विभिन्न कृषि सहकारी सभाओं को उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर बीडीओ लंबागांव सिकंदर कुमार, उपपंजीयक सहकारी सभाएं धर्मशाला राकेश कुमार, सेवानिवृत्त संयुक्त पंजीयक सहकारी सभाएं सुधीर सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।