नूरपुर (कांगड़ा)। युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशे से दूर रखने के उद्देश्य से रंजीत बख्शी जनकल्याण सभा क्रिकेट कार्निवल सीजन-4 का आयोजन करेगी।
प्रतियोगिता 13 से 15 नवंबर तक बदूही खेल मैदान में होगी। इसमें भाग लेने की इच्छुक टीमें 5 नवंबर तक पंजीकरण करवा सकती हैं। टूर्नामेंट की कुल पुरस्कार राशि 2.50 लाख रुपये रखी गई है। विजेता टीम को 41 हजार रुपये का प्रथम पुरस्कार दिया जाएगा।
सभा के निदेशक अकिल बख्शी ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने के साथ नशे के विरुद्ध अभियान को मजबूती देना है।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली शीर्ष आठ टीमों को पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं, मैन ऑफ द सीरीज चुने जाने वाले खिलाड़ी को ट्रॉफी के साथ एलईडी टीवी देकर सम्मानित किया जाएगा।
अकिल बख्शी ने क्षेत्र के खिलाड़ियों और युवाओं से प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देकर नशामुक्त समाज के निर्माण में सामूहिक भागीदारी बढ़ाना सभा का लक्ष्य है।