लंबागांव (कांगड़ा)। प्राथमिक शिक्षक संघ जिला कांगड़ा की वर्चुअल बैठक जिला अध्यक्ष कुलदीप पठानिया की अध्यक्षता में हुई। इसमें कांगड़ा के 23 खंडों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने शिक्षा विभाग की क्लस्टर प्रणाली का एक स्वर में विरोध किया। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षा विभाग के उच्च स्तर के अधिकारियों की ओर से केंद्र मुख्य शिक्षकों और खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों के अधिकारों को छीनने का प्रयास किया जा रहा है।
संघ ने कहा कि यह बड़े दुःख की बात है कि 23 सितंबर 2025 के दिशा-निर्देशों के मुताबिर सारी निरीक्षण की शक्तियां प्रधानाचार्यों को दे दी गई हैं। प्रधानाचार्य इन शक्तियों का दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो अध्यापक निरीक्षण के लिए जा रहे हैं, वे खुद अपनी कक्षाओं में अध्यापन कार्य न करके प्रधानाचार्य के साथ जा रहे हैं। जिस स्कूल का निरीक्षण किया जा रहा है, वहां पर केवल एक या दो अध्यापक ही कार्यरत हैं। एकदम दो से पांच निरीक्षण अधिकारियों का प्राथमिक पाठशाला में आ जाने से प्राथमिक अध्यापकों का निरीक्षण में सहयोग करना भी असंभव है। इन दिशा-निर्देशों में कोई भी लाभ प्राथमिक स्कूलों को नहीं हुआ है। इसके चलते जिला प्राथमिक शिक्षक संघ ने विषय पर शिक्षा कांगड़ा उपनिदेशक प्रारंभिक और उच्च शिक्षा उप निदेशक से कड़ा संज्ञान लेने की मांग की है।