धर्मशाला। जिला मुख्यालय के समीप तपोवन स्थित विधानसभा परिसर में 26 नवंबर से 5 दिसंबर तक आयोजित होने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार सत्र में कुल आठ बैठकें प्रस्तावित हैं। सत्ता पक्ष और विपक्ष के मुद्दों पर सदन गर्माने की पूरी संभावना है। सत्र की तैयारियों को लेकर विधानसभा अध्यक्ष की अध्यक्षता में जल्द ही अहम बैठक होने जा रही है। हालांकि, बैठक से पहले ही उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। जलशक्ति विभाग को विधानसभा परिसर, जिला मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सत्र के दौरान किसी प्रकार की जल समस्या न उत्पन्न हो।
बिजली बोर्ड को ट्रांसफार्मरों और बिजली लाइनों का रखरखाव सुनिश्चित करने तथा लोक निर्माण विभाग को सत्र शुरू होने से पहले सड़कों की मरम्मत, गड्ढे भरने, सड़क किनारे झाड़ियां काटने, टारिंग व निकासी नालियों की सफाई के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग को अस्पताल में इमरजेंसी वार्ड स्थापित करने और अन्य चिकित्सा व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश मिले हैं। वहीं, पुलिस विभाग को यातायात प्रबंधन, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है। हर वर्ष की तरह इस बार भी सत्र से पूर्व विधानसभा भवन में रंग-रोगन और फूलों से सजावट का कार्य किया जाएगा।
उधर, उपायुक्त हेमराज बैरवा ने बताया कि विधानसभा सत्र को लेकर विधानसभा अध्यक्ष की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने स्तर पर सत्र शुरू होने से पहले तैयारियां पूर्ण करें। शहर में भी टारिंग का कार्य चल रहा है।
-