बीडीओ रैत को पंचायत प्रधान के बारे में शिकायत पत्र सौंपते ग्रामीण। संवाद
रैत(कांगड़ा)। विकास खंड रैत की एक ग्राम पंचायत प्रधान के खिलाफ स्थानीय पंचायत के बाशिंदों ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को ग्रामीणों ने बीडीओ रैत को ज्ञापन सौंपकर पंद्रह दिन के भीतर इस मामले में कार्रवाई की मांग उठाई। ग्रामीणों ने कहा है कि अगर पंचायत प्रधान के खिलाफ कार्रवाई न हुई तो मजबूरन पंचायत कार्यालय पर ताला लगाने के लिए मजबूर हो जाएंगे।
इस अवसर पर उपप्रधान योगराज चड्डा, हेमराज, माना चंद, जुगल किशोर, ओंकार सिंह, राजेश, कैप्टन अमर सिंह, दविंद्र सिंह, कमलेश कुमारी, नीलम देवी, प्रवीण कुमार, जोगिंद्र सिंह, इंदु बाला, मीनाक्षी देवी, कमलेश, सुधा देवी, रीना देवी, उषा देवी आदि सहित अन्य गांववासी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रधान के विरुद्ध पंचायत में कार्य न करने और किए गए कार्यों की अदायगी न करने सहित मनमानी करने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना था कि खंड विकास अधिकारी, जिला पंचायत अधिकारी धर्मशाला और जिलाधीश कांगड़ा को कई बार शिकायतें और ज्ञापन सौंपे तथा जांच कमेटी बैठाई गई और प्रधान को कारण बताओ नोटिस भी जारी हुआ लेकिन प्रशासन को जानकारी होने के बावजूद लोगों की शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि किसी भी मद से कोई कार्य पंचायत में नहीं हुआ। जो कार्य पहले किए जा रहे थे वे भी बंद पड़े हैं। मार्च और मई 2022 से लगभग 1,350 बैग सीमेंट के सिविल सप्लाई गोदाम में पड़े हैं जिसकी अदायगी की जा चुकी है।
खंड विकास अधिकारी रैत महेश ठाकुर ने कहा कि ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिकायत पत्र सौंपा है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।