धर्मशाला। मनरेगा के कार्याें के लिए निर्माण सामग्री की आपूर्ति अपने भाई से करवाने के आरोप सिद्ध होने पर ग्राम पंचायत भत्तला के प्रधान को पद से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई खंड विकास अधिकारी धर्मशाला की ओर से की गई जांच के बाद जिला पंचायत अधिकारी कांगड़ा ने की है। संबंधित पंचायत प्रधान ओम प्रकाश पर आरोप थे कि वह वर्ष 2018-19 में जब प्रधान रहे हैं तो उस समय अपने सगे भाई को पंचायत में मनरेगा समेत अन्य विकास कार्यों के लिए निर्माण सामग्री की आपूर्ति का कार्य सौंपा था, जबकि नियमों के मुताबिक अपने रिश्तेदार को कोई भी प्रतिनिधि लाभ नहीं पहुंचा सकता।
इसके साथ ही निर्माण सामग्री का कार्य सौंपने के लिए कम से कम तीन अलग-अलग फर्मों से कुटेशन ली जानी अनिवार्य है, लेकिन प्रधान ने यहां भी नियमों की अवहेलना की है। शिकायत के बाद जिला पंचायत अधिकारी कांगड़ा ने बीडीओ धर्मशाला को जांच का जिम्मा सौंपा था। जांच पूरी होने के बाद जिला पंचायत अधिकारी की ओर से पंचायत प्रधान को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, लेकिन प्रधान का जवाब संतोषजनक नहीं पाया। इसके चलते अब जिला पंचायत अधिकारी ने संबंधित पंचायत प्रधान को निलंबित कर दिया है। साथ ही पंचायत के उपप्रधान को प्रधान की शक्तियां सौंप दी हैं। उधर, जिला पंचायत अधिकारी विक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि भत्तला पंचायत प्रधान के खिलाफ शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसकी जांच बीडीओ धर्मशाला ने की है। जांच में साबित हुआ है कि प्रधान ने अपने सगे भाई को लाभ पहुंचाया है, जिसके चलते अब उन्हें निलंबित कर दिया है।