देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत लग गांव में करीब 13 घंटे तक बिजली गुल रहने के बाद पुलिस के हस्तक्षेप से आपूर्ति बहाल हो सकी। गांव में सुबह करीब पांच बजे से बिजली बंद होने के कारण भीषण गर्मी में बच्चों और ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार विद्युत लाइन में बांस फंस जाने की वजह से आपूर्ति बाधित हुई थी। विद्युत बोर्ड के कर्मचारी जब बांस हटाने मौके पर पहुंचे तो भूमि मालिक ने अपनी जमीन से बांस काटने से रोक दिया। इसके चलते कर्मचारी कार्य पूरा नहीं कर सके और ग्रामीणों की समस्या जस की तस बनी रही।
ग्रामीणों के दबाव के बाद विभाग ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। शाम करीब पौने पांच बजे कनिष्ठ अभियंता विशाल आनंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लाइन में फंसे बांसों को हटवाकर विद्युत आपूर्ति सुचारू करवाई।
उधर, विद्युत बोर्ड उपमंडल डाडासीबा के सहायक अभियंता दिनेश कुमार ने बताया कि खेत से खंभे स्थानांतरित करने का प्राक्कलन संबंधित व्यक्ति को सौंप दिया गया है। निर्धारित राशि जमा होते ही खंभे हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। फिलहाल पुलिस की मदद से बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।