धर्मशाला। टांडा मेडिकल कॉलेज (टीएमसी) में कथित स्टेंट घोटाले को लेकर भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर सियासी हमला बोला है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा ने आरोप लगाया कि मरीजों के जीवन और जेब से जुड़े इतने गंभीर मामले में स्वास्थ्य विभाग और प्रदेश सरकार की चुप्पी कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
संजय शर्मा ने कहा कि करीब 14 हजार रुपये की वास्तविक कीमत वाले स्टेंट मरीजों को लगभग 40 हजार रुपये में दिए जाने के आरोप सामने आए हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि टेंडर प्रक्रिया में तकनीकी रूप से अयोग्य ठहराई गईं फर्मों को सप्लाई का जिम्मा कैसे मिल गया और इस मनमानी के लिए कौन जिम्मेदार है।
उन्होंने कहा कि यदि प्रारंभिक जांच में टेंडर प्रक्रिया में अनियमितता, अनधिकृत भंडारण और ओवरचार्जिंग जैसे तथ्य उजागर हुए हैं, तो जिम्मेदार अधिकारियों और दोषियों के खिलाफ अब तक सख्त कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने पूछा कि क्या सरकार किसी प्रभावशाली व्यक्ति को बचाने का प्रयास कर रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि महज जांच कमेटी गठित करने से मामला दबाया नहीं जा सकता। सरकार जांच की स्थिति सार्वजनिक करे और दोषियों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करे। स्वास्थ्य मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। टांडा में कांगड़ा सहित आसपास के कई जिलों से रोजाना सैकड़ों गरीब मरीज इलाज के लिए आते हैं, ऐसे में इस भ्रष्टाचार का सीधा असर जनता पर पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते कड़ी कार्रवाई नहीं की तो भाजपा इस मुद्दे पर जन आंदोलन छेड़ेगी।