संवाद न्यूज एजेंसी
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। देहरा में स्कूटी चोरी के मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने तीनों को 31 अक्तूबर तक चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दोनों स्कूटियां बरामद कर ली हैं।
पुलिस के अनुसार 27 अक्तूबर की रात हेल्पलाइन नंबर 112 के माध्यम से देहरा पुलिस को सूचना मिली कि गांव लरहाणा, डाकघर बरवाड़ा निवासी विशाल कुमार की स्कूटी चोरी हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने स्थानीय निवासियों की मदद से मौके से एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। वहीं, जंगल की ओर भागे दो अन्य संदिग्धों को भी पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय लोगों के सहयोग से पकड़ने में सफलता हासिल की। इसके बाद पुलिस ने चोरी की गई स्कूटी को भी बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में अनिल कुमार (19) निवासी कांगड़ा, रोहित चौधरी (20) निवासी गांव व डाकघर जमनाबाद और आकाश (19) निवासी गांव डुगियारी को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी कांगड़ा के निवासी हैं। एसपी देहरा संदीप धवल ने आरोपियों को चार दिन के पुलिस रिमांड मिलने की पुष्टि की है।