एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने किया जवाली थाने का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
रैहन (कांगड़ा)। जिला नूरपुर के एसपी कुलभूषण वर्मा ने शुक्रवार को पुलिस थाना जवाली का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएसपी ज्वाली बीरी सिंह राठौड़, थाना प्रभारी देवराज शर्मा, रोड सेफ्टी क्लब के पदाधिकारियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने एसपी का स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी वर्मा ने थाने की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
इसके बाद एसपी ने रोड सेफ्टी क्लब और स्थानीय लोगों के साथ बैठक की और विभिन्न मुद्दों पर सुझाव सुने। उन्होंने सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। एसपी कुलभूषण वर्मा ने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा। नशा माफिया की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई भी शुरू की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि चिट्टा तस्करी पर पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशा माफिया की जानकारी पुलिस को दें, सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा। एसपी ने चेतावनी दी कि अवैध खनन के मामलों में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दिशा में निगरानी को और मजबूत बनाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने 112 हेल्पलाइन नंबर शुरू किया है। इसमें कोई भी व्यक्ति जरूरत पड़ने पर तुरंत पुलिस सहायता ले सकता है और टीम शीघ्र मौके पर पहुंचेगी। एसपी वर्मा ने युवाओं में बढ़ते चिट्टे के नशे पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि स्कूलों, पंचायत प्रतिनिधियों और आम जनता के सहयोग से विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे, ताकि युवा इस जहर से दूर रहें।