धर्मशाला। रक्षाबंधन पर धर्मशाला की मेघना पुरी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजी गई राखी और शुभकामनाओं का जवाब प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से पत्र भेजकर दिया गया है। प्रधानमंत्री ने पत्र में राखी के लिए आभार व्यक्त करते हुए इस पर्व को जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाने वाला बताया। साथ ही देश के नवनिर्माण में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी की विशेष सराहना की। धर्मशाला के शीला चौक (होडल) निवासी मेघना पुरी ने रक्षाबंधन पर प्रधानमंत्री को राखी भेजी थी। इसके उत्तर में प्रधानमंत्री ने लिखा कि भारत की विकास यात्रा में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। देश की बेटियां आज शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, उद्यमिता, खेल और नवाचार सहित हर क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान दर्ज करा रही हैं।