धर्मशाला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वीरवार को चंबा दौरे के चलते कांगड़ा, चंबा, हमीरपुर और मंडी जिले में एचआरटीसी के सैकड़ों रूट बाधित रहेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के चंबा दौरे के लिए हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम ने 709 बसें उपलब्ध करवाई हैं। एचआरटीसी की ओर से जिला कांगड़ा सहित हमीरपुर और मंडी जिला के एचआरटीसी मंडलों की ओर से से बसें चंबा भेजी जाएंगी। इससे धर्मशाला से जिला शिमला, मंडी, हमीरपुर, चंबा और दूरदराज के क्षेत्रों के रूट बाधित होने के चलते परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
धर्मशाला डिपो से रैली में जा रहीं 50 बसें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर धर्मशाला बस डिपो से एचआरटीसी की 50 बसें बुक की गई हैं। ऐसे में जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। बुधवार को भी सुबह धर्मशाला-शिमला एचआरटीसी रूट बाधित रहा है।
प्रधानमंत्री दौरे को जाएंगी 709 बसें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर एचआरटीसी की ओर से 709 बसें मुहैया करवाई जा रही हैं। जिला कांगड़ा सहित मंडी और हमीरपुर के मंडलों से बसों को चंबा भेजा जाएगा।
-राजकुमार जरियाल, मंडलीय प्रबंधक, एचआरटीसी कांगड़ा-चंबा