जसूर (कांगड़ा)। उपमंडल नूरपुर की पंचायत लोहारपुरा के गांव देव भराड़ी के सैनिक लवी कुमार का बुधवार को सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। बुधवार दोपहर लवी की पार्थिव देह जैसे ही गांव देव भराड़ी पहुंची तो चीख-पुकार मच गई। जवान बेटे की आकस्मिक मौत से हर आंख नम थी। मां का रुदन हर किसी का कलेजा चीर रहा था। डोगरा रेजिमेंट के जवानों ने पार्थिव देह को कंधा दिया। मुखाग्नि बड़े भाई सतीश कुमार ने दी। डोगरा रेजिमेंट की टुकड़ी ने सलामी देकर श्रद्धांजलि दी।
गौरतलब है कि 25 वर्ष के लवी कुमार 9 डोगरा रेजिमेंट केजवान थे। करीब सात साल की सेवा हुई थी। मंगलवार को कमांडो कोर्स पूरा कर घर पर छुट्टी काटने के लिए आ रहे थे। फैजाबाद से बस में सवार होकर घर आ रहे थी कि नोएडा में बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसके चलते लवी कुमार की मौत हो गई। इस मौके पर वन मंत्री राकेश पठानिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं नूरपुर के पूर्व विधायक अजय महाजन, रणवीर सिंह निक्का, एसडीएम नूरपुर अनिल भारद्वाज, पंचायत प्रधान कृष्ण सिंह हीर, प्रदेश कांग्रेस एसटी विभाग के महासचिव जगदीश चौहान सहित सैकड़ों लोगों ने अंतिम संस्कार में शामिल होकर श्रद्धांजलि दी।