इंटरलॉक टाइलों की जगह डाली जा रही मिट्टी
निजी कंपनी ने फाइबर बिछाने के लिए की है खोदाई
पड़ताल
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। विधानसभा के प्रस्तावित शीतकालीन सत्र से पहले लोक निर्माण विभाग अपनी नाकामियां छिपाने में लगा हुआ है। विभाग ने सालभर खस्ताहाल सड़कों की सुध नहीं ली। लेकिन सरकार के डर से अब विभाग सक्रिय हो गया है। उखड़ी सड़कों पर लीपापोती की जा रही है। बड़ोल के साथ निजी दूरसंचार कंपनी ने सड़कों के किनारे ऑप्टिकल फाइबर बिछाने के लिए खोदाई की थी। इसके बाद वहां मिट्टी डालकर काम पूरा कर दिया लेकिन इस वजह से वहां लाखों की लागत से बिछाई गईं इंटरलॉक टाइलों को उखाड़ा गया था, उन्हें दोबारा दुरुस्त नहीं किया गया।
एक साल का समय बीत जाने के बावजूद लोक निर्माण विभाग ने इसकी सुध लेना उचित नहीं समझा। अब तो यहां से टाइलें गायब हो गई हैं लेकिन शीतकालीन सत्र से पहले टाइलों को दुरुस्त करने के बजाय विभाग ने आनन-फानन में मिट्टी डालकर अपनी खामियों पर पर्दा डालने का कार्य शुरू कर दिया है। इस वजह से स्थानीय लोगों में भी रोष है। लोगों का कहना है कि जनता के पैसों की इस तरह बर्बादी की जा रही है, लेकिन न तो प्रशासन और न नगर निगम इस पर कोई कार्रवाई कर रहा है। इसके अलावा शहर में अन्य टूटी सड़कों पर भी विभाग की ओर से मिट्टी डाली जा रही है। अगर शीतकालीन सत्र के दौरान बारिश हुई तो विभाग की पोल खुलकर सामने आ जाएगी।
संवाददाता ने वीरवार को बड़ोल में मौके पर पड़ताल के दौरान पाया कि लोक निर्माण मंडल धर्मशाला के कर्मचारी सड़क किनारे टाइलों की जगह मिट्टी बिछा रहे थे। मिट्टी की मदद से सड़क के किनारों को समतल किया जा रहा है। इससे टाइलें भी मिट्टी में दब रही हैं, जिससे उनका अस्तित्व खत्म हो रहा है। लोक निर्माण विभाग मंडल धर्मशाला के अधिशासी अभियंता अंकज सूद ने कहा कि इसके बारे में कोई बात नहीं करना चाहते।
सड़क किनारे बिछाई टाइलों की जगह अगर मिट्टी डाली जा रही है तो कमीश्नर के साथ मौके पर निरीक्षण किया जाएगा और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को टाइलों को दोबारा दुरुस्त करने के निर्देश दिए जाएंगे। - नीनू शर्मा, मेयर, नगर निगम धर्मशाला।