कांगड़ा। गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर एसडीएम डॉ. अंजलि गर्ग ने श्रद्धालुओं, गणेश उत्सव समितियों और आयोजकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए प्रतिमाओं का विसर्जन केवल निर्धारित एवं चिह्नित स्थलों पर करने की अपील की गई है।
एसडीएम ने बताया कि मिनी हरिद्वार और बाण गंगा को प्रतिमा विसर्जन के लिए निर्धारित स्थल चिह्नित किया गया है। श्रद्धालु निकटतम निर्धारित स्थल का ही उपयोग करें और अनधिकृत खड्डों व अन्य जल स्रोतों पर जाने से बचें। शोभायात्रा और विसर्जन के दौरान आयोजकों को प्रशासन और पुलिस की ओर से निर्धारित मार्ग और समय का पालन करना होगा।
श्रद्धालुओं से बैरिकेडिंग पार न करने व गहरे, असुरक्षित और तेज बहाव वाले पानी में प्रवेश न करने की अपील की गई है। एसडीएम ने कहा कि प्राकृतिक जल स्रोतों की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जल स्रोतों में प्लास्टिक, थर्माकोल, पॉलीथिन, सजावटी सामग्री, कपड़े, पूजा सामग्री या किसी भी प्रकार का कचरा न डालें। संवाद