देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। पेयजल को सिंचाई के लिए प्रयोग करने वालों के खिलाफ जल शक्ति विभाग उपमंडल सुनेहत ने कार्रवाई शुरू कर दी है। वीरवार को जल शक्ति विभाग उपमंडल सुनहेत के अनुभाग सुनहेत में जल शक्ति विभाग के कर्मचारियों ने पेयजल को सिंचाई के लिए प्रयोग कर रहे लोगों के पाइप जब्त कर लिए।
सहायक अभियंता मनीष कुमार ने बताया कि विभागीय कर्मचारियों ने बड़ा, बढूं और नैहरनपुखर आदि स्थानों में शिकंजा कसते हुए नल के पानी को सिंचाई के लिए प्रयोग की जा रही लगभग एक दर्जन रबड़ के पाइपों को जब्त किया है। अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग देहरा अनीश ठाकुर ने लोगों से आह्वान किया है कि गर्मियों में पेयजल की किल्लत हो जाती है और पेयजल को सिंचाई के लिए व्यर्थ नहीं गंवाना चाहिए। नल के साथ टुल्लू पंप का प्रयोग भी नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति नल में टुल्लू पंप का प्रयोग करता है और पेयजल का दुरुपयोग किया हुआ पाया जाता है तो विभाग उसका पानी का कनेक्शन भी काट सकता है।