जोगीपुर को नई पंचायत बनाने के समर्थन में उतरे पंचायत प्रतिनिधि व गांव के लोग। ग्रामीण
जोगीपुर में नई पंचायत बनाने के समर्थन में उतरे लोग
बोले, किसी भी तरह की साजिश नहीं होगी बर्दाश्त
संवाद न्यूज एजेंसी
कांगड़ा। पंचायतीराज विभाग की ओर से सूबे में 40 नई पंचायतें बनाने के फरमान में शामिल जोगीपुर में अलग नई पंचायत बनाने के समर्थन में लोग उतर आए हैं। वीरवार को पंचायत प्रधान रिंपल कुमार के नेतृत्व में पहुंचे कई पंचायत प्रतिनिधियों और गांववासियों ने एक स्वर में कहा कि वे जोगीपुर में इसलिए नई पंचायत बनाने का समर्थन कर रहे हैं, क्योंकि गांव में यह मांग लंबे अरसे से चली आ रही थी।
इस फैसले से गांव में और ज्यादा विकास होगा। उनका आरोप है कि उनसे यह कहकर साइन करवा लिए कि उनके महिला मंडलों के लिए कुछ बर्तन दिए जाएंगे। बाद में पता चला कि यह साइन तो जोगीपुर गांव में नई पंचायत न बनाने को लेकर लिए गए थे। वे जोगीपुर में नई पंचायत बनाने का समर्थन करते हैं। प्रधान रिंपल कुमार ने बताया कि गांववासियों और पंचायत प्रतिनिधियों ने ही एकजुट होकर प्रस्ताव डाला था कि नई पंचायत बननी चाहिए। जोगीपुर गांव का दायरा बहुत बड़ा है, नई पंचायत बनेगी तो विकास कार्य और ज्यादा होंगे।
वार्ड पंच धीरज शर्मा ने बताया कि वर्तमान पंचायत का दायरा बहुत बड़ा है। इससे लोगों को पंचायत घर में काम करवाने में दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। बीडीसी सदस्य कांता सरोच ने कहा कि नई पंचायत बननी चाहिए और इसका वह समर्थन करती हैं। इसमें किसी भी तरह की साजिश कामयाब नहीं होने दी जाएगी। नई पंचायत बनाने के समर्थन में इकट्ठा हुए पंचायत प्रतिनिधि चंद्रेश कुमारी, पूर्व वार्ड पंच प्रवीण कुमार सहित कश्मीर सिंह, संतोष कुमारी, सत्या देवी, अनीता आदि ने बताया कि उन्हें नई पंचायत बनाने पर कोई एतराज नहीं हैं।