संसारपुर टैरेस में हिमाचल–पंजाब सीमा पर टोल टैक्स बढ़ोतरी के निर्णय को लेकर सरकार के प्रति रोष
संसारपुर टैरेस (कांगड़ा)। औद्योगिक क्षेत्र संसारपुर टैरेस सीमा पर प्रदेश सरकार द्वारा टोल टैक्स की दरों में की गई बढ़ोतरी के खिलाफ शुक्रवार को स्थानीय लोगों और व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। पंजाब के साथ लगते गांवों और कस्बों के दर्जनों लोगों ने एकजुट होकर टोल बैरियर पर प्रदर्शन कर सरकार के फैसले को जनविरोधी करार दिया।
प्रदर्शन का नेतृत्व सन्नी मेहरा, विश्नदास संधु और अवतार पंडित ने किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि टोल टैक्स बढ़ने से न केवल आम जनता, बल्कि छोटे व्यापारियों और रोजाना ड्यूटी या व्यापार के सिलसिले में आने-जाने वाले लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि बढ़ी हुई दरों को तुरंत वापस लिया जाए, अन्यथा लोग सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।
बैरियर पर धरने की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संजय शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत करवाया और विरोध के कारण बाधित हुए यातायात को सुचारू रूप से बहाल करवाया। पुलिस की मुस्तैदी के चलते स्थिति नियंत्रण में रही और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। प्रदर्शनकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा है कि यदि सरकार ने जल्द ही इस फैसले पर पुनर्विचार नहीं किया, तो आगामी दिनों में आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।