डमटाल (कांगड़ा)। जिला कांगड़ा पेंशनर संघ के प्रधान कृष्ण स्वरूप शर्मा ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि पेंशनरों को भी कर्मचारियों की तरह पहली तारीख को पेंशन दी जाए। इससे पेंशनर भी सरकारी कर्मचारियों की भांति अच्छा अनुभव करें। पेंशनर को पहली तारीख को पेंशन नहीं दी गई ताे इनमें निराशा होगी और सरकार से उनका विश्वास उठ जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को चाहिए कि पेंशनरों के अटूट विश्वास को तोड़ा न जाए। पेंशनर प्रदेश सरकार की रीढ़ की हड्डी होते हैं और उनके सहयोग से ही सरकार बनती है। सरकार को पेंशनरों का दिल जीतना चाहिए। पेंशनर शांतिमय ढंग से अपनी मांगों को मनवाना चाहते हैं और सरकार को भी पेंशनरों के प्रति अपना रवैया सम्मानजनक रखना चाहिए। उन्होंने हिमाचल सरकार से मांग कि है कि पेंशनरों मांगों को माना जाए, पहली तारीख को पेंशन दी जाए और जेसीसी कमेटी का गठन करके पेंशनरों की लंबित पड़ी मांगों को पूरा किया जाएं।