देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। कांगड़ा पेंशनर संघ परागपुर खंड की बैठक रमेश भारद्वाज की अध्यक्षता में संपन्न हुई। रमेश भारद्वाज ने कहा कि बैठक में सरकार से मांग की गई है कि पेंशनरों का जो बकाया लंबित हैं, उसका भुगतान शीघ्र किया जाए। विशेष कर जनवरी 2016 से लेकर जनवरी 2022 तक के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बकाया का भुगतान किया जाए। इससे पहले जिला मंडी में आपदा के कारण जान गंवाने वाले लोगों और पिछली बैठक के बाद संसार छोड़ गए पेंशनर साथियों के लिए आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। बैठक में लगभग 100 पेंशनरों ने भाग लिया। इस दौरान पेंशनरों की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में 65, 70, 75, 80 वर्ष की आयु पर मिलने वाले लाभ के बारे में पेंशनरों को जानकारी दी गई। इस मौके पर खियाल चंद, मेला राम और कुलदीप सपेहिया आदि उपस्थित रहे। बैठक में संगठन को मजबूत करने पर विचार रखे गए।