कांगड़ा में विद्युत पेंशनर फोरम की मासिक बैठक में उपस्थित पदाधिकारी। - स्रोत : फोरम
कांगड़ा। विद्युत पेंशनर फोरम कांगड़ा इकाई ने पेंशनरों के एरिया का एकमुश्त भुगतान करने की मांग उठाई है। सोमवार को कांगड़ा में हुई मासिक बैठक में फोरम ने अन्य लंबित मांगों के साथ-साथ ओल्ड पेंशन स्कीम (ओपीएस) लागू करने, बोर्ड परिसर में धरना-प्रदर्शन पर लगी रोक हटाने और महंगाई भत्ते की किस्तों की घोषणा करने की भी उम्मीद जताई।
विद्युत पेंशनर फोरम कांगड़ा इकाई की मासिक बैठक की अध्यक्षता एनडी चौधरी ने की। इसमें 70 से अधिक पेंशनरों ने भाग लिया। गायत्री मंत्र से शुरू हुई बैठक में दिवंगत पेंशनर रणजीत सिंह (लाइनमैन) को 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। बैठक में मदन मेहरा, ओम प्रकाश गुलेरिया, जोगिंदर सिंह और शेर सिंह सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
इकाई अध्यक्ष एनडी चौधरी ने पेंशनरों की विभिन्न लंबित मांगों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का 12 जुलाई को सचिवालय में बिजली बोर्ड जेएसी को वार्ता के लिए बुलाने पर आभार जताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि बिजली बोर्ड द्वारा हाल ही में निलंबित जेएससी संयोजक इंजीनियर लोकेश ठाकुर और सहसंयोजक हीरा लाल वर्मा को बहाल किया जाएगा और पेंशनरों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय होगा।