धर्मशाला में पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक के दौरान पदाधिकारी और सदस्य। स्रोत: संध
धर्मशाला। पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन कांगड़ा पेंशनरों की मांगों को मनवाने के लिए शीघ्र आंदोलन चलाने के लिए अन्य जिलों की एसोसिएशनों के साथ बात करके रणनीति बनाएगी।
इस दौरान सोलन पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन से संबंधित ग्रुप की ओर से चलाए सरकार के विरुद्ध आंदोलन को कांगड़ा जिला के सभी पेंशनरों ने अपना समर्थन दिया है। रविवार को एसोसिएशन की धर्मशाला शहरी इकाई की बैठक में यह प्रस्ताव पारित किया। बैठक का आयोजन अध्यक्ष प्रदीप वालिया की अध्यक्षता में किया।
इससे पहले पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश जिला कांगड़ा की कोर कमेटी की बैठक जिला अध्यक्ष सुरेश ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। सुरेश ठाकुर ने सरकार से अपील की कि वह तुरंत पेंशनराें की मांगों को मान कर अधिसूचना जारी करे। बैठक में सभी ने प्रस्ताव पारित किया कि प्रदेश कार्यकारिणी के चुनाव को करवाने के लिए सुरेश ठाकुर, रविंद्र राणा, मनमोहन पठानिया और श्रुति पाल शर्मा को अधिकृत करके 15 दिन के भीतर प्रदेश कार्यकारिणी के गठन का मार्ग प्रशस्त किया जाए।
इस दौरान जिला महासचिव रविंद्र राणा, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनमोहन पठानिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजिंद्र जरियाल, श्रुति पाल शर्मा, प्रभात चौधरी, बीएस महाल, डॉ. विजय शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।