धर्मशाला। सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभार्थियों का इस बार नए साल का जश्न फीका रहा है। उन्हें अभी तक पेंशन नहीं मिली है। पेंशनरों सुजाता, राजकुमारी, कमला देवी और बुद्धि सिंह आदि को उम्मीद थी कि दिसंबर के अंत तक पेंशन मिल जाएगी लेकिन अभी तक पेंशन नहीं मिली है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से अक्तूबर, नवंबर और दिसंबर की पेंशन अभी तक जारी नहीं की गई है। तीन माह से पेंशन न मिलने के कारण आवश्यक वस्तुएं खरीदने के लिए पेंशनरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिला कल्याण अधिकारी साहिल मंडला ने कहा कि विभाग के पास पेंशन के लिए बजट पहुंच चुका है। एक सप्ताह के भीतर पेंशनरों को पेंशन मिल जाएगी। पेंशनरों को पेंशन देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई हैं।