ज्वालामुखी (कांगड़ा)। पेंशनर हितकारी सभा खंड देहरा की मासिक बैठक ज्वालामुखी में सभा के मुख्य संरक्षक के डी पुंडीर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सभा की सदस्यता बढ़ाने के लिए पंचायत स्तर पर विशेष सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
इस दौरान सभा के प्रेस सचिव ओपी वशिष्ठ ने बताया कि बैठक में राज्य पेंशनर्स ज्वाइंट एक्शन कमेटी के नेतृत्व में चल रहे संघर्ष में खंड देहरा की अहम भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। विचार-विमर्श के बाद निर्णय लिया गया कि प्रदेश एक्शन कमेटी को आर्थिक सहयोग देने के साथ-साथ संघर्ष के दौरान सामूहिक उपस्थिति के माध्यम से भी पूरा सहयोग दिया जाएगा।
इससे पहले खंड महासचिव विनोद सूद ने फरवरी माह में चौड़ा मैदान शिमला में आयोजित धरने और वहां हुई बैठक में लिए गए निर्णयों और संघर्ष की आगामी रणनीति की जानकारी कार्यकारिणी सदस्यों को दी। सभा के अध्यक्ष सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि सभी खंड पदाधिकारी सभा के सदस्यों को मौजूदा संघर्ष के लिए मानसिक रूप से तैयार करें। संवाद