नूरपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश गवर्नमेंट पेंशनर एसोसिएशन की बैठक शनिवार को नूरपुर में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष एसएल गुप्ता ने की। उन्होंने सरकार से हर माह पहली तारीख को पेंशन जारी करने की मांग की।
गुप्ता ने कहा कि समय पर पेंशन न मिलने से पेंशनरों में सरकार के प्रति रोष बढ़ रहा है। अब समय आ गया है कि सरकार पेंशनरों की लंबित वित्तीय समस्याओं का जल्द समाधान करे। उन्होंने लंबित वित्तीय समस्याओं के शीघ्र समाधान और जेसीसी गठन की मांग उठाई, जिससे एसोसिएशन प्रभावी रूप से सरकार के समक्ष पेंशनरों की समस्याएं रख सके।
उन्होंने सरकार से जनवरी 2016 से जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत हुए कर्मचारियों को संशोधित पेंशन के वित्तीय लाभ देने की मांग की। एसोसिएशन के महासचिव जसवंत धीमान ने लंबित मेडिकल बिलों के शीघ्र भुगतान की मांग की। उन्होंने कहा कि पेंशनरों के बिल अटके होने से वे परेशान हैं और सरकार को तुरंत धनराशि जारी करनी चाहिए। सरकार बुजुर्ग पेंशनरों के सब्र का इम्तिहान न ले और पेंशनरों को कठोर कदम उठाने के लिए मजबूर न करे।
बैठक में सतीश शर्मा, आरके गुप्ता, एके मेहता, इंद्र कुमार शर्मा, रमेश शर्मा, रजनी शर्मा, रमेश कुमार शर्मा, विनोद शर्मा, लक्ष्मी नारायण, चैन सिंह सहित कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।