नगरोटा सूरियां (कांगड़ा)। पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन खंड नगरोटा सूरियां की मासिक बैठक बुधवार को खंड प्रधान गुरदेव भारती की अध्यक्षता में हुई। इस अवसर पर गुरदेव भारती और अन्य पेंशनरों ने एक सुर में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू से पेंशन हर महीने की पहली तारीख को ही देने की मांग की है।
भारती ने साथ ही सरकार से अनुरोध किया कि पेंशनरों के शेष एरियर का एक मुश्त भुगतान किया जाए और महंगाई भत्ते और अन्य देनदारियों का भी शीघ्र भुगतान किया जाए। उन्होंने कहा कि जनवरी 2016 से जनवरी 2022 तक सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के देय भत्तों और जनवरी 2016 से पहले सेवानिवृत्त कर्मचारियों 50 प्रतिशत और 30 प्रतिशत देय भत्तों का भी शीघ्र एकमुश्त भुगतान किया जाए। इससे पहले पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्य और लुदरेट निवासी पेंशनर बृजभूषण के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रख कर शोक प्रकट किया।
बैठक में एसोसिएशन के उपप्रधान करतार सिंह, महासचिव सुभाषना भारती, कोषाध्यक्ष रामपाल धीमान, शमशेर सिंह जग्गी, शोभा सिंह सैनी, गुरपाल सिंह शास्त्री, पवन तलवार, सुदर्शन कुमार, तिलक राज, रमेश चंद, विजय कुमार, किशोरी लाल और श्रीचंद आदि पेंशनर उपस्थित रहे।