लंबागांव/जयसिंहपुर (कांगड़ा)। ग्राम पंचायत हरडोट में 10 लाख रुपये की लागत से पटवार भवन जल्द बनकर तैयार होगा। आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने भवन की आधारशिला रखी। इसके अलावा उन्होंने पांच लाख रुपये की लागत से जनसेवा केंद्र का भी शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि पटवार भवन तय समय के भीतर बनकर तैयार होगा। मंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों की मोक्षधाम के निर्माण, युवक मंडल भवन निर्माण सहित अन्य मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक गौर करने का आश्वासन दिया। मंत्री ने कहा कि तीन माह के भीतर सिविल अस्पताल जयसिंहपुर में डायलिसिस सेंटर स्थापित होगा। इससे लोगों को किडनी से संबंधित इलाज की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा छह माह के भीतर अस्पताल में ब्लड युनिट भी स्थापित होगा। अस्पताल में नवंबर के अंत तक छह विशेषज्ञ डाॅक्टर भी तैनात होंगे। उन्होंने बल्ह में पुलिया लगाने के लिए 1.50 लाख रुपये, श्मशानघाट में विभिन्न कार्य के लिए दो लाख रुपये जारी करने और नागाबाबा सड़क के कार्य को पूरा करने का भी आश्वासन दिया। इस मौके पर पूर्व बीसीसी अध्यक्ष जसवंत डढवाल, एसडीएम जयसिंहपुर संजीव ठाकुर, तहसीलदार अभिषेक भास्कर, बीडीओ सिकंदर कुमार, पंचायत प्रधान हरडोट रागिनी देवी, उप प्रधान कमल जसरोटिया आदि उपस्थित रहे।