धर्मशाला। क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला में बार-बार खराब हो रही एक्सरे मशीन के ठीक होने से मरीजों ने राहत की सांस ली है। प्रशासन ने अब क्रस्ना लैब में मशीन का ड्रार्ड इमेजर ड्राई पिक्स लाइट पार्ट नया लगवा दिया है। इससे पहले मशीन खराब होने के कारण मरीजों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा था और रोजाना जांच के लिए आ रहे मरीज निजी लैबों में महंगे दाम पर टेस्ट करवाने को मजबूर हो रहे थे। जोनल अस्पताल में प्रतिदिन करीब 900 के करीब मरीज विभिन्न ओपीडी में उपचार करवाने के लिए आते हैं।
अस्पताल में एक्स-रे मशीन से रोजाना लगभग 70 से 80 के करीब एक्स-रे किए जाते हैं परंतु पिछले कुछ महीनों से एक्सरे मशीन खराब थी। उधर, क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. सुनील भट्ट ने बताया कि एक्स-रे मशीन में तकनीकी खराबी आए दिन आती रहती थी, जिसे अस्पताल प्रशासन ने इसका पार्ट ड्रार्ड इमेजर ड्राई पिक्स लाइट स्थापित कर दिया है। अब रोजाना आ रहे मरीजों को एक्स-रे मशीन से सुविधा सुचारू रूप प्रदान की जाएगी।