नूरपुर (कांगड़ा)। पठानकोट-मंडी नेशनल हाईवे पर चल रहे फोरलेन निर्माण कार्य ने बारिश के बाद राहगीरों और वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सड़क किनारे जलभराव, गहरे गड्ढे और फिसलन के कारण इस मार्ग पर सफर करना जोखिमभरा हो गया है।
निर्माणाधीन फोरलेन के कच्चे हिस्सों पर कीचड़ जमा होने से सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को हो रही है। सड़क के कच्चे भाग पर सफर करना किसी खतरे से खाली नहीं है। खासकर जसूर में फ्लाईओवर के निर्माण के चलते यातायात बाधित हो रहा है, वहीं जसूर से कंडवाल और नूरपुर से जौंटा के बीच सड़क की हालत बेहद खस्ता है।
नूरपुर के समीप खुशीनगर में जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से नाली का गंदा पानी सड़क पर जमा हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन और एनएचएआई को इस ओर तुरंत ध्यान देना चाहिए और निर्माण कार्य पूरा होने तक खराब रास्तों को कम से कम पक्का करना चाहिए, ताकि लोगों का आवागमन सुरक्षित हो सके।
उधर, एसडीएम नूरपुर अरुण शर्मा ने बताया कि इस समस्या को निर्माण कंपनी के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा ताकि सड़क की मरम्मत करवाकर लोगों को राहत प्रदान की जा सके। संवाद