-15 अप्रैल से शुरू होगा चार मंजिला पार्किंग का निर्माण
-परियोजना पर चार करोड़ रुपये किए जाएंगे खर्च
-पार्किंग में करीब 100 वाहनों को खड़ा करने की हागी क्षमता
विनोद राणा
पालमपुर (कांगड़ा)। नागरिक अस्पताल पालमपुर में लंबे समय से चल रही पार्किंग समस्या अब दूर होने जा रही है। अस्पताल परिसर में बनने वाली चार मंजिला पार्किंग का निर्माण कार्य 15 अप्रैल से शुरू होगा। लोक निर्माण विभाग ने सभी औपचारिकताएं पूरी कर टेंडर अवार्ड कर दिया है। इस परियोजना पर करीब चार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
पालमपुर अस्पताल में पार्किंग सुविधा के अभाव के चलते मरीजों और तीमारदारों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार हालात ऐसे बन जाते हैं कि गंभीर मरीजों को अस्पताल तक लाने और ले जाने में भी परेशानी होती है। मौजूदा स्थिति में स्थान सीमित होने के कारण कुछ ही वाहनों से पार्किंग भर जाती है। लोगों को वाहन अस्पताल के बाहर खड़े करने पड़ते हैं। कई बार उनका चालान भी कट जाता है।
इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक आशीष बुटेल ने अस्पताल प्रशासन को पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने पास में भूमि चिन्हित कर लोक निर्माण विभाग को निर्माण कार्य शुरू करने की अनुमति दे दी।
इस पार्किंग में करीब 100 वाहनों को खड़ा करने की क्षमता होगी। 200 बिस्तरों वाले इस उपमंडलीय अस्पताल में रोजाना 600 से अधिक ओपीडी दर्ज होती है। सैकड़ों लोग वाहनों के साथ यहां पहुंचते हैं। नई पार्किंग सुविधा शुरू होने से अस्पताल आने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
पालमपुर अस्पताल में जल्द एक बड़ी पार्किंग बनकर तैयार हो जाएगी। इससे अस्पताल में आने वाले लोगों को काफी सुविधा होगी। इसके लिए अस्पताल ने पूरी औपचारिकताएं पूरी कर फाइल लोक निर्माण विभाग को सौंप दी है।
-डॉ. तिलक भागड़ा, एमएस, पालमपुर अस्पताल।
विभाग ने पार्किंग के काम का टेंडर अवार्ड कर दिया है। इस पर करीब चार करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह पार्किंग डेढ़ साल में बनकर तैयार हो जाएगी। इसका काम जल्द शुरू हो जाएगा।
-सार्थक सूद, एसडीओ लोक निर्माण विभाग।
अस्पताल में आने वाले लोगों को वाहन पार्क खड़ा करने में काफी परेशानी आती है। लोगों की परेशानी को देखकर अस्पताल प्रशासन को पार्किंग बनाने के आदेश दिए थे। सरकार ने पार्किंग के काम के लिए चार करोड़ रुपये का इंतजाम कर दिया है। पार्किंग बनने से लोगों को काफी सुविधा होगी।
-आशीष बुटेल, विधायक, पालमपुर।