बारिश के कारण परौर पुल पर इकट्ठे हुए पानी के बीच गुजरते वाहन। संवाद
बारिश में परौर पुल बना तालाब, गड्ढे बने जानलेवा
पुल पर पानी इकट्ठा होने से बढ़ी दिक्कतें
आम लोगों समेत स्कूली बच्चे भी परेशान
ऋषव चौधरी
सुलह (कांगड़ा)। एक तरफ जहां पूरा प्रदेश इन दिनों आपदा से जूझ रहा है तो वहीं पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर परौर में बना पुल लापरवाह अफसरशाही का शिकार है। यहां लगातार हो रही बारिश की वजह से पुल पर पानी इकट्ठा हो जाता है। इससे वाहन चालकों सहित सुबह-शाम स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है।
पुल पर पानी की सही ढंग से निकासी न होने से भारी बारिश के दौरान पानी जमा हो जाता है, जो हर समय चालकों और राहगीरों के लिए खतरे से कम नहीं है। अगर समय रहते इस समस्या का हल नहीं हुआ तो यह पुल के लिए भी खतरा बन सकता है। कई बार पुल पर इतना पानी जमा हो जाता है कि एकदम से वाहन रुकते हैं, जिसकी वजह से दुर्घटना का खतरा रहता है। बारिश के बीच जब भी कोई चौपहिया वाहन तेज गति से गुजरता है तो खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए दिक्कत हो जाती है। पुल पर रोजाना विभिन्न विभागों के कई अफसरों की गाड़ियां गुजरती हैं, लेकिन लगता है कि अधिकारी शायद किसी बड़े हादसे के इंतजार में हैं। स्कूली बच्चे भी खासे परेशान हैं। इसके साथ ही पुल पर छोटे और गहरे गड्ढे भी हैं। इनसे भी खतरा बना हुआ है। कुछ वर्षों से इन्हीं गड्ढों की वजह से कुछ लोग घायल हुए थे और कुछेक की मौत भी हो गई थी। स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों से गुहार लगाई है कि जल्द इस समस्या का समाधान किया जाए।
भारी बारिश के कारण और पुल के आगे कुछ ही दूरी पर हुए भू-स्खलन की वजह से पुल पर मिट्टी इकट्ठी हो गई थी। इस कारण पानी की निकासी बंद हो गई थी। जैसे ही सूचना मिली, फील्ड में तैनात कर्मियों को सूचित कर उसे ठीक करवा दिया गया है। - राहुल रॉय, साइट इंजीनियर एनएचएआई