ज्वालामुखी (कांगड़ा)। ज्वालामुखी में सोमवार को जल शक्ति विभाग पैरा कर्मचारी संघर्ष मोर्चा की विशेष बैठक प्रदेशाध्यक्ष अमन शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस दौरान अमन शर्मा ने मांग की है कि जल शक्ति विभाग में पैरा वर्करों को आठ साल में नियमित करने का प्रावधान है, जिसे घटाकर पांच साल किया जाए। उन्होंने कहा कि 2017 से 2022 तक पैरा वर्करों की नियुक्ति की गई थी और वर्तमान में इनकी संख्या लगभग 5500 हो चुकी है। 2024 में भी पैरा वर्करों की भर्ती प्रक्रिया जारी है। वर्तमान में मल्टी-पर्पस पैरा वर्करों को 5,000 रुपये और पंप ऑपरेटर एवं फिटर को 6,300 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जा रहा है, जो बहुत कम है।
शर्मा ने कहा कि पैरा वर्करों को न तो उचित वेतन दिया जा रहा है, न ही किसी प्रकार की छुट्टी का प्रावधान है। उन्हें छह घंटे की सेवा के लिए नियुक्त किया गया था, लेकिन उनसे आठ घंटे काम लिया जा रहा है। बैठक में इन सभी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।