धर्मशाला। ऑनलाइन ट्रेडिंग के चक्कर में पपरोला के एक व्यक्ति ने 85 लाख रुपये शातिरों के हाथों लुटा दिए हैं। इस दौरान जहां व्यक्ति ने खुद की कमाई को डुबाया है, वहीं रिश्तेदारों से कर्ज के रूप में लिए पैसे भी लूट का हिस्सा बने हैं। पीड़ित व्यक्ति के मन में सोशल मीडिया पर ऑनलाइन ट्रेडिंग का विज्ञापन देख कर कम समय में अधिक पैसे कमाने का लालच आया था। पीड़ित ने इस संदर्भ में साइबर पुलिस थाना धर्मशाला में अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवा दिया है।
जानकारी के अनुसार साइबर पुलिस थाना धर्मशाला में बैजनाथ के पपरोला निवासी एक व्यक्ति ने अपने साथ हुई 85 लाख रुपये की ठगी को लेकर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पीड़ित व्यक्ति ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसने सोशल मीडिया पर ऑनलाइन ट्रेडिंग का विज्ञापन देखा था। इस विज्ञापन में दर्शाया गया था कि लोगों ने कम समय में अधिक से अधिक पैसे बनाए थे। वह भी पहले ट्रेडिंग करता था, जिसके चलते वह भी उनके प्रलोभनों में आ गया। इस दौरान पीड़ित व्यक्ति ने डेढ़ लाख रुपये से लेकर 10 लाख रुपये तक की 14 विभिन्न किस्तों में शातिरों के बैंक अकांउट में 85 लाख रुपये डाले हैं। इतनी ज्यादा रकम खाते में डालने के बाद भी जब हाथ में कुछ नहीं आया तो पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ और उसने साइबर पुलिस थाना धर्मशाला में अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवा दिया है।
एएसपी प्रवीन धीमान ने बताया कि पपरोला निवासी की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी विज्ञापन के लालच में न आएं, जिसमें कि पैसों का लेने-देन हो। उन्होंने लोगों से किसी भी अनजान लिंक को खोलने के साथ किसी भी अज्ञात व्यक्ति को ओटीपी और बैंक डिटेल देने न देने को कहा है।