नूरपुर (कांगड़ा)। उपमंडल नूरपुर में पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 7 मई से शुरू होगी। एसडीएम नूरपुर अरुण शर्मा ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 7, 8 और 11 मई को सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन पत्रों की जांच 12 मई को की जाएगी। नाम वापस लेने के लिए 14 और 15 मई की तिथि निर्धारित की गई है। 15 मई को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होते ही प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए जाएंगे। एसडीएम ने बताया कि मतदान तीन चरणों में संपन्न होगा। प्रथम चरण का मतदान 26 मई, द्वितीय चरण का 28 मई और तृतीय चरण का मतदान 30 मई को सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक होगा। चुनाव लड़ने के लिए अभ्यर्थी की आयु 12 मई 2026 तक न्यूनतम 21 वर्ष होना अनिवार्य है। नामांकन के साथ नो-ड्यूज प्रमाण पत्र, शपथ पत्र, जाति प्रमाण पत्र और आयु प्रमाण जैसे आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना जरूरी होगा। संवाद